चंद्रबाबू नायडू की कंपनी देगी डिविडेंड, कब होगी Heritage Foods बोर्ड बैठक? शेयर बाजार को दी अहम जानकारी

6.2kViews
1757 Shares

हैदराबाद स्थित कंपनी हेरिटेज फूड्स लिमिटेड (Heritage Foods Ltd) ने शेयर बाजार को दी अहम जानकारी में बताया है कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक सोमवार, 11 मई, 2026 को हैदराबाद स्थित कंपनी के पंजीकृत कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजों के साथ-साथ शेयरधारकों को डिविडेंड देने पर विचार किया जाएगा। हेरिटेज फूड्स लिमिटेड की स्थापना, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने की है और उनके परिवार के लोग इसे संचालित करते हैं। 1992 में स्थापित यह कंपनी, दक्षिण भारत की एक जान-मानी डेयरी कंपनी है।

हेरिटेज फूड्स लिमिटेड, एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी है जिसके शेयर, बाजार में लिस्टेड हैं। हेरिटेज फूड्स लिमिटेड के शेयर फिलहाल सवा फीसदी की तेजी के साथ 366 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं।

हेरिटेज फूड्स ने और क्या कहा?

  • स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में हेरिटेज फूड्स लिमिटेड ने बताया कि कंपनी का बोर्ड 31 मार्च, 2026 को समाप्त तिमाही के ऑडिटेड फाइनेंशियल रिजल्ट (स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड) पर विचार और उसे जारी करेगा।
  • कंपनी 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए कंपनी के इक्विटी शेयरों पर अंतिम लाभांश (फाइनल डिविडेंड), यदि कोई हो, पर विचार और सिफारिश करेगा।
  • डिविडेंड के लिए पात्र शेयरधारकों के निर्धारण के उद्देश्य से बुक क्लोजर (Book Closure) की तिथि भी तय करेगा।
  • इसके साथ ही कंपनी, 34वीं वार्षिक आम बैठक (Annual General Meeting) की तिथि, समय और स्थान भी फिक्स करेगी।
  • ‘कोड ऑफ कंडक्ट टू रेगुलेट, मॉनिटर एंड रिपोर्ट बाय इनसाइडर ट्रेडिंग’ के अनुसार, कंपनी के इक्विटी शेयरों में लेनदेन के लिए ट्रेडिंग विंडो (Trading Window) 1 अप्रैल, 2026 से बंद कर दी गई है।

क्या है कंपनी का कारोबार

हेरिटेज फूड्स लिमिटेड, दक्षिण भारत की सबसे बड़ी निजी डेयरी कंपनियों में से एक है, जिसके पास प्रतिदिन 27 लाख लीटर दूध प्रोसेस्ड करने की क्षमता है। कंपनी के पास डेयरी प्रोडक्ट्स की एक विस्तृत श्रृंखला है और 418 से अधिक स्टॉक-कीपिंग यूनिट हैं। कंपनी अपने उत्पादों का विपणन वितरकों और अपने विशेष हेरिटेज वितरण केंद्रों और हेरिटेज पार्लरों के माध्यम से करती है।

(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *