कफ सीरप तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश करने वाली सोनभद्र पुलिस ने महज तीन माह के भीतर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को इस अवैध धंधे के मास्टरमाइंड भोला जायसवाल की वाराणसी स्थित करीब 28.50 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को कुर्क कर लिया। भोला जायसवाल फिलहाल जेल में निरुद्ध है।
वाराणसी पुलिस के सहयोग से सोनभद्र पुलिस ने क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में शुभम जायसवाल की तीन अलग-अलग स्थानों पर स्थित संपत्तियों को कुर्क किया। बताया गया है कि भोला जायसवाल का बेटा शुभम जायसवाल, जो तस्करी गिरोह का सरगना है, अभी फरार चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि तस्करी के मुख्य आरोपी भोला प्रसाद, निवासी प्रहलादघाट कायस्थ टोला, थाना आदमपुर, वाराणसी को पुलिस ने विदेश भागने की कोशिश के दौरान कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे सोनभद्र जिला कारागार भेज दिया गया, जहां वह वर्तमान में बंद है।


