समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे का एक वीडियो शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में वह रेलवे के एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि न बनाए जाने पर नाराज़गी जताते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहते हैं कि यदि वे अपना काम ठीक से नहीं कर रहे तो उन्हें जूतों से क्यों न पीटा जाए।
दरअसल, शुक्रवार को जिले के फेफना रेलवे स्टेशन पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान यूपी के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ अपरिहार्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति में 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को शाम 4:35 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस मौके पर राज्यसभा सदस्य नीरज शेखर, फेफना से सपा विधायक संग्राम सिंह यादव और सांसद सनातन पांडे भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि न बनाए जाने पर सांसद की नाराज़गी का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।


