हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है जिसमें दिल्ली के तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा चंडीगढ़–मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुल्लू से लगभग 10 किलोमीटर दूर बबेली में आईटीबीपी परिसर के गेट के पास पेश आया।
हादसे के समय तीन अन्य पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के पर्यटक निजी वाहन में मनाली की ओर जा रहे थे। बबेली पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे पोल व पैरापिट से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दिल्ली निवासी 40 वर्षीय सोनिया, 26 वर्षीय साक्षी और पांच साल की मासूम देवीशा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।


