वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी बुधवार को धरहरा प्रखंड के हेमजापुर तिरासी टोला पहुंचे, जहां निषाद समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय मछुआरों ने गंगा नदी में मछली पकड़ने से जुड़ी गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
मछुआरों ने बताया कि क्षेत्र में कुछ दबंग तत्व उन्हें गंगा नदी में मछली मारने से रोक रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है। इस पर वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि वे हमेशा से निषाद समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ते आए हैं और आगे भी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बात की है और जल्द ही उचित निर्णय लेकर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अरविंद कुमार मुन्ना, रंजीत कुमार, बादल सहनी, कंपनी सहनी, मनोज सहनी, विजय यादव सहित निषाद समाज के कई लोग मौजूद थे।
इसके बाद पूर्व मंत्री मुकेश सहनी धरहरा प्रखंड के अमारी गांव पहुंचे। यहां उन्होंने निषाद समाज के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। ग्रामीणों ने बताया कि मछली पकड़ने जाने वाले मछुआरों से दबंगों द्वारा रंगदारी टैक्स की मांग की जाती है, जिसके कारण वे अपनी पारंपरिक आजीविका को सुचारू रूप से नहीं चला पा रहे हैं।
युवा जिलाध्यक्ष सुमन बिंद ने कहा कि निषाद समाज के मछुआरों से रंगदारी वसूली की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। दबंगों की मनमानी से मछुआरों की आय प्रभावित हो रही है और उनके परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
कार्यक्रम में अविनाश कुमार विद्यार्थी उर्फ मुकेश यादव, उप प्रमुख नीरज यादव, दिनेश बिंद सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


