अरुणाचल प्रदेश में 658 करोड़ के फर्जी जीएसटी क्रेडिट मामले में ईडी की छापेमारी, कई राज्यों में कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अरुणाचल प्रदेश में सामने आए 658 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) मामले की जांच के तहत मंगलवार को कई राज्यों में छापेमारी की।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई मनी लांड्रिंग निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रविधानों के तहत की जा रही है। जांच के सिलसिले में झारखंड, पश्चिम बंगाल और मणिपुर में इस मामले से जुड़े व्यक्तियों और कंपनियों के कई परिसरों की तलाशी ली गई।
इनपुट टैक्स क्रेडिट क्या है?
इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रणाली में एक कानूनी प्रावधान है। इसके तहत व्यावसायिक संस्थाएं अपने व्यवसाय से संबंधित खरीद पर भुगतान किए गए जीएसटी पर क्रेडिट का दावा कर सकती हैं। इस क्रेडिट का उपयोग वे अपनी कर देनदारी को कम करने के लिए करते हैं।
ईडी का मानना है कि इस मामले में फर्जी कंपनियों और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर आईटीसी का गलत दावा किया गया, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान हुआ।
आगे की जांच
जांच एजेंसी ने कहा है कि छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।


