कमला नगर में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए घर के बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। शनिवार सुबह करीब 10 बजे दो कारों में सवार होकर पहुंचे आठ-दस हमलावरों ने काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी को रोककर उसके शीशे भी चकनाचूर कर दिए।
इसके बाद गाड़ी में बैठे युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। एक युवक को पीजी में घुसकर मारा गया। इतना ही नहीं, हमलावरों ने एक युवक पर कुल्हाड़ी फेंककर हमला किया। करीब दस मिनट तक बदमाश इलाके में आतंक फैलाते रहे। इस झगड़े में स्कार्पियो में सवार सुमित नामक युवक पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


