धर्म-पर्यटन के साथ उद्योग का केंद्र बनेगा नाथनगर बरेली, इंडिया फूड एक्सपो में बीडीए ने निवेशकों को किया आमंत्रित

2.1kViews
1308 Shares

नाथनगर बरेली अब केवल धर्म-पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उद्योग और उद्यमिता के क्षेत्र में भी एक नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शनिवार को लखनऊ में आयोजित इंडिया फूड एक्सपो के दौरान बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने उद्यमियों को प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम के दौरान बीडीए के उपाध्यक्ष डा. मनिकन्डन ए. ने औद्योगिक टाउनशिप से जुड़ा विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया और निवेशकों को उपलब्ध सुविधाओं, अवस्थापना विकास और संभावनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की उद्योग एवं निवेश-अनुकूल नीतियों के अनुरूप बरेली विकास प्राधिकरण शहर को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए ठोस और प्रभावी पहल कर रहा है।

डा. मनिकन्डन ने बताया कि बरेली की भौगोलिक स्थिति इसे औद्योगिक निवेश के लिहाज से अत्यंत अनुकूल बनाती है। यह शहर दिल्ली और लखनऊ के मध्य स्थित है और उत्तराखंड राज्य के निकट होने के कारण लॉजिस्टिक्स, कनेक्टिविटी और बाजार तक पहुंच के लिहाज से निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर प्रदान करता है।

बीडीए का मानना है कि प्रस्तावित इंडस्ट्रियल टाउनशिप के माध्यम से बरेली में रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *