चौपारण में पुलिस-वन विभाग ने अवैध अफीम की खेती नष्ट की, सख्त कार्रवाई का एलान

2.9kViews
1095 Shares

चौपारण थाना क्षेत्र के ग्राम सिलोदर, आंजन, महानेटांड और आसपास के घने जंगलों में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान लगभग 40 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का पता चला और मौके पर ही पूरी फसल नष्ट कर दी गई।

इस दौरान घटनास्थल से तीन डिलीवरी पाइप बरामद किए गए, जिन्हें तुरंत नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि अफीम की अवैध खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान एसडीपीओ बरही, अजित कुमार बिमल के नेतृत्व में चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में अफीम की खेती वाले क्षेत्रों में अब सरसों और मूंगफली की खेती हो रही है, जो जन-जागरूकता अभियानों के सकारात्मक परिणाम को दर्शाता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *