भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने महाराष्ट्र के अलीबाग में एक बार फिर रियल एस्टेट में निवेश किया है। दंपती ने यहां एक नई जमीन खरीदी है। इससे पहले भी विराट और अनुष्का के पास अलीबाग में एक आलीशान बंगला मौजूद है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार दोनों ने अलीबाग के जीरद गांव में जमीन खरीदी है, जो अवास बीच के नजदीक स्थित है। इस जमीन की कीमत करीब 37.86 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा इस सौदे पर लगभग 2.27 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी और 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस अदा की गई है।
खरीदा गया यह प्लॉट करीब 14,740 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है। माना जा रहा है कि यह इलाका अपनी शांत लोकेशन और समुद्र तट के पास होने के कारण हाई-एंड निवेश के लिए पसंद किया जाता है।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के पास पहले से ही देश के कई प्रमुख शहरों में शानदार संपत्तियां हैं। मुंबई के अलावा गुरुग्राम में भी विराट कोहली का एक भव्य बंगला है। यह नया निवेश उनके बढ़ते रियल एस्टेट पोर्टफोलियो को और मजबूत करता है।


