कपसाड़ गांव की घटना के विरोध में भाकियू नेता पदम सिंह को पुलिस ने नजरबंद किया

1237 Shares

मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में हाल ही में हुई दिल दहला देने वाली घटना के विरोध में भाकियू संघर्ष के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह को उनके निवास पर पुलिस ने नजरबंद कर लिया।

बृहस्पतिवार की सुबह हुई इस कार्रवाई के समय पदम सिंह अपने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित दलित परिवार से मिलने कपसाड़ जाने की योजना बना रहे थे।

पदम सिंह का निवास गढ़ रोड स्थित मोहल्ला कृष्णानगर में है। पुलिस ने सुबह से ही उनके घर के चारों ओर कड़ी सुरक्षा तैनात की। दो उपनिरीक्षकों समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया।

पदम सिंह ने इस कार्रवाई को भाजपा सरकार की तानाशाही करार देते हुए कहा कि मेरठ के कपसाड़ गांव में हुई यह घटना किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने बताया कि वहां खुलेआम एक मां की हत्या की गई और उनकी पुत्री का कार से अपहरण कर लिया गया। पदम सिंह ने इस घटना के प्रति प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाए।

भाकियू संघर्ष के पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पीड़ित परिवार के साथ सहानुभूति व्यक्त करना और न्याय की मांग करना था। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई से आंदोलन थमने वाला नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *