सल्ट पुलिस ने 44.930 किलोग्राम गांजा बरामद किया, 5 आरोपी गिरफ्तार
सल्ट थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान सराईखेत की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (यूके07 एएक्स-8384) को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देख कार सवार दो युवक भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। कार की पिछली सीट पर तीन अन्य युवक भी सवार थे। चेकिंग के दौरान पुलिस ने कार से कुल 44.930 किलोग्राम गांजा बरामद किया और पांचों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही है और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


