पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल क्षेत्र अंतर्गत चंद्रकोना रोड पर शनिवार को बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। सुवेंदु अधिकारी ने इस हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना के बाद मौके पर भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख क्षेत्र में तनाव फैल गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
इस घटना के विरोध और आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सुवेंदु अधिकारी चंद्रकोना पुलिस थाने पहुंचे, जहां वे धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से भाजपा समर्थकों पर हमला किया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब सुवेंदु अधिकारी पुरुलिया से लौट रहे थे। चंद्रकोना रोड पर भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए खड़े थे, तभी कथित रूप से हमला हुआ और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई।
घटना के खिलाफ सुवेंदु अधिकारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चंद्रकोना पुलिस थाने में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने इस मामले में नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। खबर लिखे जाने तक इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

