कल्याणपुर के न्यू नानकारी माधवपुरम निवासी रामवीर के 30 वर्षीय बेटे सोनू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उसका मुंहबोला भतीजा अतुल बाल्मीकि को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले शराब पी थी। इसके बाद शराब के पैसे और आपसी गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। इसी गुस्से में अतुल बाल्मीकि ने ईंट से सोनू सिंह के सिर पर कई वार किए और उसे मरणासन्न अवस्था में छोड़कर मौके से भाग गया।
घटना की जानकारी तब हुई जब बीते बुधवार को क्रिकेट खेल रहे बच्चे न्यू नानकारी माधवपुरम के एक खाली प्लाट में गंभीर रूप से घायल सोनू को देखकर स्वजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन ने पास में खून से सनी ईंट भी पाई।
सोनू को तत्काल सीएचसी और फिर एलएलआर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी और अत्यधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

