नौ साल की एक छात्रा की दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे आखिरकार उसके स्वजन भी झुक गए। कड़ाके की सर्दी के बावजूद छात्रा ने स्केटिंग करते हुए अयोध्या तक का सफर तय किया और भगवान श्रीराम के दर्शन कर अपने संकल्प को पूरा किया। इस अनोखी यात्रा में छात्रा के साथ उसके पिता, भाई और चाचा भी मौजूद रहे।
छह दिनों में छात्रा ने स्केटिंग के जरिए करीब 480 किलोमीटर की दूरी तय की। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने उसका उत्साह बढ़ाया और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर भगवान श्रीराम के दर्शन करने के बाद छात्रा अपने परिजनों के साथ सुरक्षित घर लौट आई।
मुहल्ला अमृत नगर निवासी वंशिका यादव की यह यात्रा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वंशिका के पिता शिव शंकर यादव रक्षा विभाग में सरकारी सेवा में कार्यरत हैं। वह वर्तमान में आगरा में किराए के मकान में अपनी पत्नी पूनम, बड़े बेटे रुद्र और बेटी वंशिका के साथ रहते हैं।
वंशिका केंद्रीय विद्यालय आगरा में कक्षा तीन की छात्रा है। कम उम्र में इस तरह का साहसिक और अनुशासित प्रयास लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है। परिवार का कहना है कि वंशिका की यह यात्रा उसकी आस्था, आत्मविश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है।

