बिहार में शराब बंदी के बाद से राज्य में शराब तस्करी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार रात जयप्रकाश नगर पुलिस ने सेवादास की मठिया के पास बीएसटी बांध के नीचे एक पिकअप वाहन से 315 पेटी विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद की। महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को कब्जे में लिया गया है, जबकि चालक कोहरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
क्षेत्राधिकारी बैरिया, मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि जयप्रकाश नगर के चौकी इंचार्ज मयंक कुमार और उनके हमराहियों द्वारा बिहार सीमा के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की पिकअप वाहन दिखाई दी। जब उसे रोकने का प्रयास किया गया, तो वाहन चालक ने तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ना शुरू किया। इसके बाद सेवादास की मठिया के निकट पिकअप वाहन को बांध से नीचे उतारकर खेत में छोड़ दिया और चालक फरार हो गया।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध चालक की तलाश में अभियान जारी है।

