सिरसा में दुकान से नकदी और सामान चोरी: दो युवक गिरफ्तार

1729 Shares

सिरसा शहर थाना पुलिस ने रानियां रोड स्थित एक दुकान से नकदी और सामान चोरी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में शहर थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने जानकारी दी।

दुकानदार दिनेश, निवासी सीकर (राजस्थान) और हाल निवासी प्रेम नगर, सिरसा, ने अपनी शिकायत में बताया कि बीती 5 जनवरी की रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसकर पांच कट्टे चावल, दो कट्टे दाल और तीन हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।

शिकायत पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में जेजे कालोनी पुलिस चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपितों सन्नी कुमार (विशाली, बिहार) और अक्षय (वार्ड नंबर 27, जेजे कालोनी, सिरसा) को रानियां रोड से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और निशानदेही के आधार पर चोरी का सारा सामान और नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपित सन्नी ने शहर में चोरी की एक और वारदात करने की बात भी कबूली है, जबकि अक्षय के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

दोनों आरोपित नशे के आदी बताए जा रहे हैं और चोरी की वारदातें नशा पूरा करने के लिए की गई थीं। गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *