जम्मू के सेशन कोर्ट परिसर में गुरुवार को आतंक की सूचना ने हड़कंप मचा दिया। कोर्ट को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर के भीतर आरडीएक्स से बने तीन आईईडी लगाने का दावा किया गया और शाम से पहले विस्फोट की चेतावनी दी गई।
सूत्रों के अनुसार ई-मेल में कहा गया कि विस्फोटक रिमोट कंट्रोल से संचालित हैं और यदि समय पर विस्फोट नहीं हुआ तो आत्मघाती हमला भी हो सकता है। साथ ही, कोर्ट स्टाफ और आम जनता को तुरंत परिसर खाली करने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में आतंकी संगठन की संलिप्तता और कुछ राजनीतिक मांगों का भी उल्लेख किया गया।
धमकी मिलते ही जम्मू पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे। कोर्ट और सटे हाईकोर्ट परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते सक्रिय रहे। सुरक्षा कारणों से अदालत परिसर में कुछ समय के लिए आवाजाही नियंत्रित की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच कर रही हैं। ई-मेल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है ताकि उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जांच पूरी होने तक सुरक्षा सतर्कता बरकरार रखी जा रही है।

