पुलिस के एएसआई संदीप लाठर सुसाइड मामले में पीड़ित परिवार के लिए पुलिस महकमे ने उल्लेखनीय संवेदनशीलता और सहयोग का परिचय दिया है। तत्कालीन डीजीपी ओपी सिंह की अपील के बाद पुलिस कर्मियों ने आपसी सहयोग से करीब एक करोड़ रुपये की राशि एकत्र की, जिसे अब संदीप लाठर के परिवार को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि एएसआई संदीप लाठर ने 14 अक्टूबर को लाढ़ौत गांव में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो संदेश में दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार पर जातिगत उत्पीड़न और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले को लेकर रोहतक में पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की है, जिसकी जांच फिलहाल जारी है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस कर्मियों की ओर से जुटाई गई सहायता राशि कुल मिलाकर लगभग एक करोड़ रुपये है। हाल ही में 54 लाख रुपये का चेक संदीप लाठर के परिजनों को सौंपा गया, जबकि शेष राशि अलग-अलग चरणों में सीधे परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई या अन्य माध्यमों से प्रदान की गई।
पुलिस विभाग के इस कदम को पीड़ित परिवार के प्रति मानवीय सहयोग के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सुसाइड केस से जुड़े आरोपों और परिस्थितियों की जांच पर भी सभी की नजर बनी हुई है।

