भोजपुर में भीषण सड़क हादसा: धान और बालू लदे ट्रकों की टक्कर, चालक की मौत

2.0kViews
1961 Shares

भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। आरा–सासाराम स्टेट हाईवे पर नगरांव मोड़ के पास रात करीब 10 बजे धान से लदे ट्रक और बालू लदे हाइवा ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

इस दुर्घटना में धान लदे ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालू लदे हाइवा ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक चालक की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के सोहरी गांव निवासी ललन यादव के पुत्र विनय यादव (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

वहीं, गंभीर रूप से जख्मी चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद थाना क्षेत्र के बहादुरगंज निवासी रामसागर उपाध्याय के पुत्र संजय उपाध्याय के रूप में की गई है। घायल चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण दोनों वाहनों का अनियंत्रित परिचालन बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *