वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के लिए हरियाणा सरकार की पहल, पुरस्कार योजना के तहत आवेदन शुरू

3.0kViews
1424 Shares

सरकार बुजुर्गों को मान-सम्मान देने और समाज निर्माण में उनके अनुभव का लाभ उठाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि यह योजना समाज सेवा, कला, खेल और बहादुरी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बुजुर्गों को एक नई पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करेगी।

12 जनवरी तक कर सकते हैं आवेदन

उपायुक्त ने बताया कि इस योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों जैसे शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता, शौर्य और बहादुरी, आजीवन उपलब्धि के साथ-साथ वरिष्ठ पेंटर, मूर्तिकार, संगीतकार और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, बुजुर्गों की सेवा में जुटी सर्वश्रेष्ठ पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं, वृद्धाश्रमों और डे-केयर सेंटरों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

पुरस्कार के रूप में व्यक्तिगत श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये तक और संस्थागत श्रेणियों में 1 लाख रुपये तक की नकद राशि व सम्मान पत्र भेंट किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपनी उपलब्धियों के प्रमाण पत्र और दस्तावेजों सहित विभाग के पोर्टल https://award.socialjusticehry.gov.in पर 12 जनवरी 2026 की रात 11:59 बजे तक आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

डीसी ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों या संस्थाओं ने पिछले तीन वर्षों के दौरान यह पुरस्कार प्राप्त किया है, वे उसी श्रेणी में दोबारा आवेदन के पात्र नहीं होंगे। पुरस्कारों के संबंध में अधिक जानकारी और शर्तों के लिए संबंधित जिले के जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है।

पुरस्कार राशि का विवरण

कला और खेल श्रेणियों के लिए प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 30,000 रुपए और तृतीय पुरस्कार 20,000 रुपए निर्धारित है। इसी प्रकार, संस्थागत श्रेणियों (जैसे श्रेष्ठ पंचायत और एनजीओ) के लिए प्रथम पुरस्कार 1,00,000 रुपये, द्वितीय 75,000 रुपए और तृतीय पुरस्कार 50,000 रुपए प्रदान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *