नववर्ष के आगमन से पहले गया जिला पुलिस ने शराब माफियाओं के मंसूबों पर बड़ी चोट की है। बाराचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक मोड़ के पास रविवार को दिल्ली–कोलकाता नेशनल हाईवे पथ 19 पर की गई सघन वाहन जांच के दौरान एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से कंटेनर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नववर्ष को लेकर झारखंड से बिहार में शराब की बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर बाराचट्टी पुलिस ने ब्लॉक मोड़ के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी क्रम में एक संदिग्ध कंटेनर को रोका गया।
कंटेनर के अंदर छिपाकर रखी गई 376 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद
तलाशी लेने पर कंटेनर के अंदर छिपाकर रखी गई 376 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा लगभग चार हजार लीटर आंकी गई है। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमरेंद्र किशोर ने बताया कि बरामद शराब की खेप झारखंड के जमशेदपुर से बिहार की राजधानी पटना ले जाई जा रही थी।
गिरफ्तार चालक की पहचान पुखराज के रूप में हुई है, जो ग्राम मिठीबेरी, थाना बांड, जिला बाड़मेर, राजस्थान का निवासी है। चालक से पूछताछ की जा रही है और शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
शराब माफिया अधिक सक्रिय
थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि नववर्ष को देखते हुए शराब माफिया अधिक सक्रिय हो जाते हैं, इसी कारण सीमावर्ती और राष्ट्रीय राजमार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा कंटेनर को भी थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
नववर्ष से पहले हुई इस बड़ी कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है।

