बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले को लेकर प्रधानमंत्री की खामोशी चिंताजनक : प्रयागराज में बोले प्रमोद तिवारी

2.8kViews
1575 Shares

 राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमले और आपरेशन सिंदूर को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस व भाजपा की तारीफ करने पर खुलकर बोलने से बचे।

कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस पर जुटे नेता

कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस पर रविवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पैतृक निवास आनंद भवन में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से आनंद भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

इस समय मन की बात नहीं, बाजुओं की बात होनी चाहिए

बतौर मुख्य अतिथि प्रमोद तिवारी ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की बर्बर हत्या हो रही है। मंदिर, गुरुद्वारा व चर्च नष्ट किए जा रहे हैं। आज 56 इंच के सीना वाला प्रधानमंत्री इतना कमजोर और खामोश क्यों है? एक इंदिरा गांधी थीं जिन्होंने 14 दिन के अंदर बांग्लादेश बना दिया। हमारा राजनीतिक नेतृत्व इतना कमजोर हो गया है कि वहां हिंदू मारे जा रहे हैं और ये मन की बात कर रहे हैं। इस समय मन की बात नहीं, बाजुओं की बात होनी चाहिए। उन्होंने आपरेशन सिंदूर को लेकर कहा कि हम सेना के शौर्य को प्रणाम करते हैं। अगर अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के दबाव में आपरेशन सिंदूर रोका न गया होता तो गुलाम कश्मीर हमारा होता।

कांग्रेस में लोकतंत्र है, हमें अपने संगठन पर गर्व

पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा संगठनात्मक मजबूती के लिए आरएसएस और भाजपा की तारीफ करने पर कहा कि खरगे, सोनिया, राहुल और प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत है। कांग्रेस में लोकतंत्र है, हमें अपने संगठन पर गर्व है। कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा का नाम है। आजादी से पहले कांग्रेस ने मौलिक अधिकारों का जो स्वरूप बनाया था, वह हमारे संविधान का हिस्सा बना। आज संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में है।

कांग्रेस ने धर्म को आस्था ही रखा : आराधना मिश्रा

कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस ने धर्म को आस्था ही रखा, लेकिन कुछ लोगों ने उसे राजनीति बना दिया। शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व विधयाक विजय प्रकाश, मुकुंद तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, हसीब अहमद, अनूप त्रिपाठी, संजय तिवारी, किशोर वार्ष्णेय, मानस शुक्ला, तसलीम उद्दीन, प्रदीप द्विवेदी आदि मौजूद रहे। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष मिश्र, वरिष्ठ नेता बाबुल त्रिपाठी व रघुनाथ द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव राष्ट्रहित में काम किया। पूर्व शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन, निशांत त्रिपाठी, विनय पांडेय ने कहा कि भाजपा वोट के लिए जाति-धर्म पर राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस सबकी भलाई के लिए काम करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *