MP में मतदाता सूची का प्रारूप जारी, 42.74 लाख नाम हटे, 8.65 लाख अनमैप्ड वोटर्स को मिलेगा नोटिस

2.1kViews
1548 Shares

 मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के पहला चरण पूरा होने के बाद मंगलवार को निर्वाचन आयोग ने प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन किया। SIR की इस प्रक्रिया में कुल 42 लाख 74 हजार 160 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार हटाए गए नाम विभिन्न श्रेणियों में शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 8 लाख 46 हजार 184 मतदाता मृत पाए गए। वहीं 8 लाख 42 हजार 677 मतदाता ऐसे रहे, जो सत्यापन के दौरान अनुपस्थित मिले। इसके अलावा 2 लाख 76 हजार 961 मतदाता ऐसे पाए गए, जिनके नाम दो जगह दर्ज मिले।

सबसे बड़ी संख्या 22 लाख 78 हजार 393 मतदाताओं की रही, जिन्हें परमानेंट शिफ्टेड की श्रेणी में रखा गया है। अन्य श्रेणी में 29 हजार 927 मतदाता शामिल हैं।

इसके साथ ही 8 लाख 65 हजार 832 मतदाता अनमैप्ड पाए गए हैं, यानी उन्होंने अधूरे फॉर्म जमा किए थे। निर्वाचन आयोग की ओर से इन मतदाताओं को कल से नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर वे आयोग द्वारा तय दस्तावेजों के साथ उपस्थित होते हैं, तो उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकते हैं।

दो बार बढ़ाई गई थी अवधि

गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो बार SIR की समयावधि बढ़ाई थी । प्रदेश में 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में 5,74,06,143 मतदाता थे। इन्हें गणना पत्रक जारी किए गए, जिनमें से 5,74,06,140 का डिजिटाइजेशन हुआ। जिनके गणना पत्रक अधूरे थे, उन्हें चिह्नित किया गया और कलेक्टर से लेकर बूथ लेवल आफिसर मैदान में उतरे।

कई मतदाताओं के गणना पत्रक में सुधार करवाया गया। मृत, अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं को भी खोजने का काम हुआ। इसमें कुछ उपलब्धि भी मिली। विगत गुरुवार रात बारह बजे डिजिटाइजेशन के काम को बंद किया गया। इसके बाद मंगलवार, 23 दिसबंर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया।

निर्वाचन अधिकारियों का कहना है कि यह प्रक्रिया मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *