यूपी में कोहरा बना काल, दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन; पहाड़ों पर आज भारी हिमपात की संभावना

2.9kViews
1683 Shares

 दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव हो रहा है। हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग में गुरुवार को हल्का हिमपात हुआ, जिससे अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। जम्मू कश्मीर के मैदानी इलाकों में वर्षा हुई तो शुक्रवार से हिमपात के आसार हैं।

दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा

दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड और कोहरे दोनों का प्रभाव जनजीवन पर भी पड़ा। मौसम विभाग को अल सुबह तीन बजे कोहरे का यलो जबकि पांच बजे के आसपास आरेंज अलर्ट जारी करना पड़ गया। धुंध के कारण विमान व रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

हिमाचल प्रदेश में माइनस चार डिग्री पहुंचा तापामान

हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान में सोलन में सात और कांगड़ा में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। ऊना, मंडी, धर्मशाला में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मंडी में कोहरे के कारण वाहन चालक परेशान हुए। मरम्मत कार्य के लिए दो दिन बंद रहने के बाद रोहतांग दर्रे पर गुरुवार को 428 वाहन पहुंचे। मौसम विभाग ने 19 दिसंबर को भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादल छाने की संभावना जताई है।

राजस्थान में पड़ रही भीषण सर्दी

राजस्थान में सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नागौर में 4.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सिरोही में 5.4 डिग्री, जबकि दौसा में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया। माउंट आबू में 5.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

जम्मू कश्मीर में बर्फबारी

जम्मू कश्मीर में बर्फबारी की आशंका को देखते हुए एहतियातन टंगमर्ग-गुलमर्ग सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है।

पंजाब के कई जिलों में घनी धुंध छाई रही

विश्व विख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग और सोनमर्ग जैसे स्थलों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। पंजाब के कई जिलों में घनी धुंध छाई रही। कई जिलों में तो दृश्यता 50 मीटर तो कहीं बेहद ही कम रही।

यूपी में कोहरा बना काल

आगरा-जयपुर हाईवे पर देर रात कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। किरावली कस्बे में अभुआपुरा बिजली घर के सामने हुए इस हादसे में छह वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *