गोवा नाइट क्लब में हुए अग्निकांड के बाद लूथरा ब्रदर्स को वापस लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। दोनों भाई थाईलैंड पुलिस की हिरासत में हैं। अब सीबीआई ने लूथरा ब्रदर्स के प्रत्यर्पण की कवायद शुरू कर दी है। बैंकॉक में मौजूद भारतीय दूतावास भी स्थानीय एजेंसियों से बातचीत कर रहा है।
गोवा के अरपोरा स्थित बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात भीषण आग लग गई थी। इस आग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 पर्यटक भी शामिल थे। घटना के बाद ही नाइट क्लब के दोनों मालिक थाईलैंड भाग निकले थे।
फुकेट पहुंची CBI
लूथरा ब्रदर्स को भारत वापस लाने के लिए सीबीआई के अधिकारी शनिवार को ही फुकेट पहुंच गए थे। केंद्र सरकार ने उनका पासपोर्ट रद कर दिया था। ऐसे में भारतीय दूतावास ने दोनों की वापसी के लिए इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किया है।
कब तक होगी वापसी?
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि जांच टीम थाईलैंड पहुंच गई है और लूथरा ब्रदर्स को वापस लाने की तैयारी शुरू हो गई है। गोवा के डीजीपी आलोक कुमार के अनुसार, लूथरा ब्रदर्स अगले हफ्ते तक भारत वापस आ सकते हैं।
कैसे हो रहा है प्रत्यर्पण?
पिछले हफ्ते थाईलैंड पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में लिया था। दोनों थाईलैंड में अवैध रूप से रह रहे थे। गोवा अग्निकांड के कुछ ही घंटों में दोनों दिल्ली से थाईलैंड भाग निकले थे। भारत और थाईलैंड ने 2013 में प्रत्यर्पण संधि पर हस्ताक्षर किए थे, तो 29 जून 2015 से ही लागू है। इसी संधि के तहत लूथरा ब्रदर्स को भारत वापस लाया जा रहा है।

