प्रदेश के पहले और देश में नौवें सर्वेश्रेष्ठ मल्हारगढ़ थाने से जुड़े अफीम तस्करी के मामले में नित नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्य से यह साबित करने की कोशिश में है कि सोहनलाल पर दर्ज केस फर्जी नहीं है। वहीं अब मामले में जोधपुर के तस्कर विकास चौधरी का लिंक सामने आया है।
आरोप है कि विकास चौधरी युवकों को 15 से 20 हजार रुपये का लालच देकर मंदसौर-नीमच भेजता था, जो यहां से अफीम डोडाचूरा ले जाते थे। वह मंदसौर जेल में रहा है, अक्टूबर में उसकी जमानत हुई थी।
दरअसल, मंदसौर की अफीम की तस्करी का बड़ा हिस्सा राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर तरफ ही जाता है। जोधपुर के बारडिया निवासी तस्कर विकास चौधरी वहां के लड़कों का उपयोग करियर के रूप में करता है। उसने 20 वर्षीय विक्रम मेघवाल निवासी डोली कला कल्याणपुर जिला बाड़मेर और 21 वर्षीय जस्साराम मेघवाल निवासी लूणी जिला जोधपुर को मंदसौर जिले टकरावद भेजा था।
इन्होंने दशरथ उर्फ सन्नाटा पुत्र कमलेश मालवीय से 56 किलो डोडाचूरा लिया था। मल्हारगढ़ पुलिस ने विक्रम और जस्साराम के साथ विकास चौधरी व दशरथ मालवीय की गिरफ्तारी भी की थी। सोहनलाल को भी उसी ने ही भेजा था। इसमें भी पुलिस ने 2.500 किलो अफीम जब्त कर सोहनलाल, विकास चौधरी और चंद्रशेखर पाटीदार को गिरफ्तार किया था। इसमें 30 अक्टूबर को ही विकास की जमानत हुई थी।
एक बार भी नहीं गया पशुपतिनाथ मंदिर
पुलिस की जांच में आरोपी सोहनलाल की तकनीकी कनेक्टिविटी भी बताई गई है। उसके मोबाइल नंबर की सीडीआर भी केस डायरी में लगाई गई है। वह 12 जुलाई से 29 अगस्त तक 50 दिन में नौ बार मंदसौर आया था। आरोपित के स्वजन का कहना है कि वह पशुपतिनाथ मंदिर गया था, पर पुलिस का दावा है कि सीडीआर के मुताबिक वह पशुपतिनाथ मंदिर की तरफ कभी नहीं गया। 50 दिन की सीडीआर में एक बार तो पशुपतिनाथ मंदिर या आसपास की लोकेशन मिलनी चाहिए।
विकास चौधरी से 52 बार बात की
आरोपी सोहनलाल ने अपने मोबाइल से ही 50 दिन में 52 बार तस्कर विकास चौधरी से बात की थी। विकास चौधरी पर थाना मल्हारगढ़ में ही एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अपराध पंजीबद्ध हैं। शासकीय कृषि उपज मंडी के सीसीटीवी फुटेज में सोहनलाल बैग टांगकर मंडी के अंदर जा रहा है, उसके साथ नीली शर्ट में चंद्रप्रकाश पाटीदार निवासी गोगरपुरा भी दिख रहा था। चंद्रप्रकाश पर 2022 में भी राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाने में 5.500 किलो अफीम तस्करी के संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 29 के तहत केस दर्ज है।

