जम्मू-कश्मीर में कोडरमा के जवान ने खुद को मारी गोली, शाम तक गांव पहुंचेगा पार्थिव शरीर

3.0kViews
1656 Shares

 कोडरमा जिले के मरकच्चो प्रखंड के देवीपुर गांव का बेटा और सीआरपीएफ जवान सुजीत सिंह (27) ने जम्मू-कश्मीर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बुधवार देर रात लगभग 11 बजे यह घटना घटी।

स्थानीय ग्रामीणों और जवान के परिजन को गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, वहीं गांव का माहौल गमगीन है।

बड़ा भाई भी सीआरपीएफ में जवान

जानकारी के अनुसार, सुजीत सिंह देवीपुर पंचायत के बाभन टोला निवासी थे। उनके पिता सिकंदर प्रसाद सिंह किसान होने के साथ समाजसेवी भी हैं, जबकि मां इलमा देवी गृहिणी हैं। सुजीत का चयन वर्ष 2023 में सीआरपीएफ में हुआ था। सुजीत की बहाली हुए अभी महज दो साल का समय गुजरा हे।

सुजीत का बड़ा भाई भी सीआरपीएफ में जवान है उसकी बहाली वर्ष 2021 में हुई थी। नौ माह पूर्व ही सुजीत की शादी गिरिडीह जिले के मिर्जागंज के बदडीहा गांव में हुई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिवार के सदस्य स्तब्ध और शोकाकुल हैं।

प्रशासन की ओर से भी अंतिम संस्कार की व्यवस्था

बताया गया है कि सुजीत का पार्थिव शरीर आज (गुरुवार) शाम तक मरकच्चो पहुंचने की संभावना है। स्वजन और प्रशासन की ओर से जवान के अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है।

मृतक सीआरपीएफ जवान सुजीत सिंह ने ऐसा घातक कदम क्यों उठाया इस संबंध में और अधिक जानकारी प्राप्त होने का इंतजार है। परिवारवालों के अनुसार, सुजीत सिंह छठ की छुट्टी में घर आया था। इसके बाद ड्यूटी के लिए श्रीनगर लौटा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *