कांतारा की नकल कर Ranveer Singh को हुआ पछतावा, मांगी माफी
रणवीर सिंह को IFFI की क्लोजिंग सेरेमनी में ऋषभ शेट्टी के सामने कांतारा के दैव्य की नकल उतारने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन लोगों ने एक्टर की खूब ट्रोलिंग की जिसके बाद अब उन्होंने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी है।
बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर रिलीज होने में बस कुछ ही दिन बचे है। यह फिल्म 5 दिसंबर को थिएटर में रिलीज होने वाली है। हालांकि इस प्रोजेक्ट को लेकर जो उत्साह था वह अब एक विवाद की वजह से फीका पड़ गया है। यह विवाद गोवा में 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह में एक्टर के आने के बाद शुरू हुआ। स्टेज पर जो एक हल्का-फुल्का पल होना था, उस पर अब लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
क्यों खड़ा हुआ ये विवाद
यह घटना तब हुई जब रणवीर ने डायरेक्टर-एक्टर ऋषभ शेट्टी समेत ऑडियंस के सामने कंतारा – चैप्टर 1 का क्लाइमेक्स सीन रीक्रिएट किया। नकल करते हुए, उन्होंने पवित्र चामुंडी दैव का जिक्र किया, जो फिल्म में दिखाई गई एक आध्यात्मिक शक्ति है और कर्नाटक के कोस्टल एरिया में पूजे जाते हैं। उन्होंने उनकी तुलना एक “महिला भूत” से की। इस बात पर समारोह में मौजूद कुछ लोगों ने हंसी उड़ाई, लेकिन जैसे ही इस एक्ट की एक क्लिप ऑनलाइन सामने आई, यह जल्द ही गुस्से का विषय बन गया।

