100 किमी की रफ्तार से हवाएं, भारी बारिश… तूफान ‘दितवाह’ को लेकर तीन राज्यों में IMD का अलर्ट

2.1kViews
1090 Shares

बंगाल की खाड़ी में पहले से ही साइक्लोन सेन्यार के चलते हलचल मची हुई है। वहीं, अब दितवाह तूफान का असर देखने को मिलेगा। चक्रवाती तूफान दितवाह उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र के तटों की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

दरअसल, श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद तूफान दितवाह अब भारत की ओर रूख कर लिया है। श्रीलंका में दितवाह तूफान से अब तक 69 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, अब इसका असर दक्षिण भारतीय राज्यों में देखने को मिलेगा। इसके चलते यहां तीन दिनों तक मौसम खराब रहेगा।

100 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से आएगा तूफान

दितवाह चक्रवाती तूफान के टकराने से तमिलनाडु में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आएगा। इस दौरान भारी बारिश की भी संभावना है। तमिलनाडु के अलावा केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी और भारी बारिश होगी।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दितवाह तूफान श्रीलंका तट और समीपवर्ती बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तर-उत्तरपश्चिमी मार्ग पर आगे बढ़ेगा। जो रविवार की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के पास पहुंचेगा। तूफान दितवाह के खतरे को देखने हुए मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनियां जारी की हैं।

यहां एक्टिव है तूफान

तूफान दितवाह को लेकर मौसम विज्ञान के डायरेक्टर जनरल, डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि साइक्लोन तूफान श्रीलंका के तटीय इलाकों और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर है। यह चेन्नई से लगभग 480 किलोमीटर दक्षिण में है। यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। यह 29 तारीख की सुबह तक श्रीलंका से निकलकर दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में आ जाएगा। इस दौरान इसमें थोड़ी तेजी आ सकती है।

भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

साइक्लोन तूफान उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ता रहेगा और 30 तारीख की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट के पास पहुंच जाएगा। इसके असर से तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। बारिश से स्थानीय स्तर पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ जैसे हालात भी बन सकते हैं।

डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि 29 और 30 तारीख को तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटों पर समुद्र में खराब मौसम हो सकता है। तूफानी लहरें उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी के निचले इलाकों में पानी भर सकती हैं, इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए, मछुआरों को 30 तारीख तक समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है।

कुड्डालोर जिला कलेक्टर तूफान दितवाह को लेकर अलर्ट

तमिलनाडू के कुड्डालोर जिले के कलेक्टर सिबी अधित्या ने बताया कि साइक्लोन दितवाह को लेकर IMD ने कुड्डालोर डिस्ट्रिक्ट के लिए बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जिला प्रशासन इसको लेकर पूरी तरह से तैयार है। कलेक्टर सिबी अधित्या ने कहा कि हमने 22 बहुत ज्यादा खतरे वाली जगहों और 39 ज्यादा खतरे वाली जगहों की पहचान की है, जहां पानी आमतौर पर जमा रहता है। हमने लोगों और सामान, खासकर मोटर को पहले से तैनात कर दिया है, ताकि पानी जमा होने और पानी भरने की समस्या को तुरंत ठीक किया जा सके। हमने 233 राहत सेंटर भी पहचाने हैं जहां लोगों को निकालकर सुरक्षित रखा जा सकता है, और जहां खाना और पानी दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *