सोलर रेडिएशन का असर, एयरबस का अलर्ट: इंडिगो-AI के 250 विमानों की उड़ानें प्रभावित होने की आशंका

2.7kViews
1519 Shares

हवाई यात्रा करने वालों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। एयरबस (Airbus Advisory)ने दुनियाभर में संचालित होने वाले ए320 विमानों के लिए तकनीकी निर्देश जारी किए हैं, जिसका असर एअर इंडिया और इंडिगो की फ्लाइट्स पर भी देखने को मिल सकता है। दोनों ही भारतीय कंपनियों में एयरबस के ए320 विमान मौजूद हैं, जिसके कारण घरेलू उड़ाने बड़े पैमाने पर प्रभावित हो सकती हैं। वहीं दुनिया भर में 6,000 से अधिक परिचालनरत ए320 विमानों को अपग्रेड की आवश्यकता हो सकती है।

एअर इंडिया और इंडिगो ने हवाई यात्रा करने वाले पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी की है। वहीं, जापान की एएनए एयरलाइंस ने भी 65 फ्लाइट्स रद कर दी हैं।

यूरोप की विमानन कंपनी एयरबस ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने सबसे अधिक बिकने वाले ए-320 विमानों की एक बड़ी संख्या में तुरंत साफ्टवेयर बदलने का आदेश दे रही है। उद्योग के सूत्रों का कहना है कि साफ्टवेयर में बदलाव कंपनी के लगभग 6,000 विमानों या दुनियाभर में आधे से अधिक बेड़े में किया जाए

एअर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “एयरबस ने ए320 के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं, जिसके कारण एअर इंडिया के बेड़े में शामिल एयरबस ए320 में भी सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में कुछ बदलाव होंगे। इससे परिचालन में देरी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही हवाई यात्रा में अधिक समय लगने की संभावना है।”

इंडिगो ने क्या कहा?

इंडिगो ने भी एडवाइजरी जारी करते हुए कहा, “यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। एयरबस ने पूरी दुनिया में ए320 बेड़े के लिए तकनीकी दिशानिर्देश जारी किए हैं। ऐसे में प्रोटोकॉल के तहत हम विमानों में अनिवार्य अपडेट कर रहे हैं। इस दौरान कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है। हमारी टीमें दोबारा बुकिंग करने, अपडेट और जानकारी देने के लिए 24 घंटे उपलब्ध हैं।”

एयरबस ए320 में क्या होंगे अपडेट?

एयरबस ने बयान जारी करते हुए बताया कि ए320 सोलर रेडिएशन से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में उड़ान के दौरान तेज सोलर रेडिएशन से डेटा साझा करना मुश्किल हो रहा है। संवेदनशील विमानों की पहचान कर ली गई है और सभी कंपनियों से जरूरी बदलाव की अपील की गई है।

कितनी उड़ानें होंगी प्रभावित?

एयरबस की इस एडवाइजरी से दुनियाभर की उड़ानों पर असर पड़ सकता है। जापान की एएनए एयरलाइंस ने 65 उड़ाने रद कर दी हैं। वहीं, भारत में 200-250 उड़ाने प्रभावित होने का अनुमान है। इनमें कुछ उड़ानों में देरी होने की संभावना है, तो कई फ्लाइट्स रद भी की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *