भाजपा के पूर्व मंडल मंत्री की लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग… गोली लगने से पार्टी कार्यकर्ता की मौत

2.7kViews
1108 Shares

चोला थाना क्षेत्र के गांव खानपुर स्थित मैरिज होम में गुरुवार की रात हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। हर्ष फायरिंग करने का आरोप भाजपा से ककोड़ मंडल के पूर्व मंत्री पर लाइसेंसी रिवाल्वर से करने का है। हालांकि अभी तक पूर्व मंत्री के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। पुलिस तहरीर न मिलने पर स्वयं रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने का दावा कर रही है।

ककोड़ थानाक्षेत्र के गांव अजयनगर निवासी शिवम कुमार पुत्र विनोद कुमार की शादी चोला थानाक्षेत्र के गांव खानपुर निवासी रीता पुत्री विजय के साथ तय हुई। इसी क्रम में गुरुवार की शाम खानपुर गांव स्थित आराध्या मैरिज होम में बरात पहुंची। आरोप है कि बरात के मैरिज होम गेट पर पहुंचते ही भाजपा से ककोड़ मंडल के पूर्व मंत्री ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दीं। इस हर्ष फायरिंग में गोली लगने से 40 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता धर्मेंद्र सिंह निवासी अजयनगर घायल हो गए।

घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने धर्मेंद्र को चिंताजनक हालत में रेफर कर दिया। स्वजन ने धर्मेंद्र को उपचार को नोएडा स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देररात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद खुशी का माहौल गम में बदल गया। स्वजन में कोहराम मचा है। धर्मेंद्र खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके तीन बच्चे हैं।

सीओ सिकंदराबाद भास्कर मिश्रा ने बताया कि अभी तक की जांच में भाजपा नेता के द्वारा हर्ष फायरिंग करने का मामला सामने आया है। धर्मेंद्र भी भाजपा कार्यकर्ता थे। परिजन तहरीर देने की बात कह रहे हैं। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है। अगर स्वजन द्वारा तहरीर नहीं दी जाएगी, तो पुलिस स्वयं रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *