बालू ट्रक निकालते समय जेसीबी चालक की बिजली से मौत

1787 Shares

शहर के बालू मंडी जज कालोनी रोड और महुअरिया रोड में चक्के का टायर फटने के चलते फंसे बालू लदे ट्रक को निकालने के क्रम में गुरुवार की सुबह 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आने से जेसीबी चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान जसिया गांव निवासी विजय पासवान के पुत्र रणजीत पासवान (35) के रूप में की गई हैं। नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है।

सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन

मृतक चार बच्चों का पिता था। घटना के बाद नगर सभापति राजन नंदन सिंह ने मृतक के स्वजनों से मिलकर दर्द बांटा। साथ ही सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

इधर, घटनास्थल पर ट्रक और जेसीबी के फंसे रहने के कारण जज कालोनी और महुअरिया से बालू मंडी आने वाली सड़क पर आवागमन बाधित है।

ट्रक को निकालने के प्रयास में घटना

बताया गया है कि शहर के बालू मंडी में बालू लेकर पहुंचे ट्रक के बीच के चक्के का टायर फट गया था। अल सुबह एक एजेंसी से जेसीबी मंगवाया गया। रणजीत पासवान जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच कर ट्रक को निकालने का प्रयास करने लगे। इसी बीच पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में जेसीबी आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस दौरान घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। विद्युत विभाग को कॉल कर आपूर्ति बंद कराई गई और लोग जेसीबी चालक रणजीत पासवान को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत करार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *