पहली मुलाकात में ही ममदानी के मुरीद हुए ट्रंप, कहा- ‘हम दोनों में एक चीज है कॉमन…’

2.5kViews
1284 Shares

 अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क सिटी के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी से मुलाकात की। जोहरान और ट्रंप को एक-दूसरे का धुर विरोधी माना जाता है। यह पहली बार था, जब ट्रंप और ममदानी ने आमने-सामने बातचीत की। इस दौरान ट्रंप ने भी तमाम गिले-शिकवे भुलाकर जोहरान ममदानी का शानदार स्वागत किया।

जोहरान ममदानी से मुलाकात के बाद ट्रंप के तेवर बदले नजर आ रहे हैं। ट्रंप अपने और ममदानी के बीच समानताएं ढूंढने लगे हैं। ट्रंप का कहना है कि उनके और जोहरान ममदानी की बस एक ही प्राथमिकता है, वो है न्यूयॉर्क सिटी को बेहतरीन बनाना।

ट्रंप ने की ममदानी की तारीफ

डोनल्ड ट्रंप के अनुसार, “हमारे बीच एक चीज समान है। हम इस शहर (न्यूयॉर्क सिटी) से प्यार करते हैं और इसे बेहतर बनाना चाहते हैं। मैं मेयर को मुबारकबाद देना चाहूंगा। इन्होंने अविश्वनीय चुनाव लड़ा और अपने प्रतिद्वंद्वी को आसानी से हरा दिया। हमने आवास निर्माण, फूड और कीमतों पर बात की है।”

ट्रंप और ममदानी की मुलाकात

बता दें कि ट्रंप और ममदानी के बीच रिश्ते इस कदर खराब हो गए थे कि ट्रंप प्रशासन ने उन्हें “सांप्रदायिक” तक कह डाला था। वहीं, ममदानी ने भी ट्रंप को काफी खरी-खोटी सुनाई थी। हालांकि, अब ट्रंप का कहना है, “हमारे विचार थोड़े अलग हैं। हम सब बदलते हैं। मैं भी बदल गया है। जब मैं पहली बार राष्ट्रपति बना था तो मेरा पहला कार्यकाल शानदार था। अब हम अपने देश के लिए और भी ज्यादा बेहतर करने की कोशिश कर रहे हैं। मेरे कुछ विचार बदल चुके हैं।”

ममदानी ने भी की ट्रंप की प्रशंसा

जोहरान ममदानी ने भी ट्रंप की तारीफों के पुल बांधने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। ममदानी के अनुसार, “मुझे लगता है ट्रंप और मेरे विचार बिल्कुल साफ है। हमारे बीच कई चीजों को लेकर असहमतियां हैं, लेकिन हमारी मुलाकात के दौरान उसपर ध्यान केंद्रित नहीं किया गया और यही बात मुझे राष्ट्रपति की बहुत ज्यादा पसंद आई। न्यूयॉर्कवासियों की सेवा के लिए हमारा मकसद समान है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *