पुरातात्त्विक धरोहर को संरक्षित करने की बड़ी पहल, अब संग्रहालय में संजोई जाएंगी बागनाथ मंदिर की मूर्तियां

1526 Shares

 जिले की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुरातत्व विभाग ने बागनाथ मंदिर परिसर में रखी गई ऐतिहासिक मूर्तियों को संग्रहालय में स्थानांतरित करने की तैयारी तेज कर दी है।

शुक्रवार को पुरातत्व विभाग की टीम ने मंदिर परिसर में मौजूद सभी मूर्तियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर माह में मूर्तियों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा और जनवरी में मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर इन्हें संग्रहालय में विधिवत रूप से स्थापित कर दिया जाएगा। इसी दिन संग्रहालय का औपचारिक उद्घाटन भी प्रस्तावित है।

पुरातत्व अधिकारियों के अनुसार बागनाथ मंदिर परिसर में आठवीं तथा 10 वीं शताब्दी की कुल 90 पुरातात्विक महत्व की मूर्तियां मौजूद हैं। इनमें से 80 मूर्तियां मंदिर परिसर में एक ही स्थान पर रखी गई हैं, जबकि 10 मूर्तियां काल भैरव मंदिर में स्थापित हैं।

अब सभी मूर्तियों को एक ही स्थान, यानी निर्माणाधीन संग्रहालय में सुरक्षित रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि संग्रहालय के प्रारूप और संरचना पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मूर्तियों को एक साथ रखने से धार्मिक पर्यटकों को जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी और जिले के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *