नाव पलटने से हुआ बड़ा हादसा, 7 प्रवासियों की मौत, 300 लोग थे सवार

2.2kViews
1808 Shares

मलेशिया में बचावकर्मियों ने म्यांमा के सात प्रवासियों के शव बरामद किए हैं तथा 13 लोगों को एक नाव से जीवित बचाया है, जिसमें दर्जनों लोग सवार थे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी के प्रथम एडमिरल रोमली मुस्तफा ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि यह जहाज म्यांमा के रखाइन राज्य के बुथीदांग शहर से लगभग 300 लोगों को लेकर रवाना हुआ था। अधिकारियों ने पुलिस और समुद्री एजेंसी के हवाले से बताया कि जैसे ही जहाज मलेशिया के पास पहुंचा यात्रियों को तीन छोटी नावों में बांट दिया गया।

ऐसा माना जा रहा है कि बृहस्पतिवार को दक्षिणी थाईलैंड के तारुताओ द्वीप के पास एक नाव डूब गई थी और कुछ लोग बहकर मलेशिया के उत्तरी रिसॉर्ट द्वीप लैंगकॉवी में पहुंच गए थे। अधिकारियों ने बताया कि घटना का समय और सटीक स्थान अभी तक ज्ञात नहीं है। अन्य दो नावों का भी अभी तक पता नहीं चल पाया है।

स्थानीय मीडिया ने उत्तरी मलेशिया के केदाह राज्य के पुलिस प्रमुख अदजली अबू शाह के हवाले से कहा कि बचाए गए लोगों में से कुछ म्यांमा से आए रोहिंग्या मुसलमान थे, जहां उन्हें दशकों से उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था।

रोमली ने एक बयान में चेतावनी दी कि खतरनाक समुद्री मार्गों का उपयोग करके प्रवासियों का शोषण करने में सीमा पार के गिरोह तेजी से सक्रिय हो रहे हैं। समुद्री एजेंसी ने बताया कि बचावकर्मियों को शनिवार को समुद्र से 10 प्रवासी मिले और उन्होंने एक महिला का शव बरामद किया। एजेंसी ने बताया कि रविवार को छह और शव मिले और तीन जीवित बचे हुए लोग भी मिले। इसने बताया कि खोज का दायरा बढ़ा दिया गया है और यह सोमवार को भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *