कड़ाके की ठंड देने जा रही दस्तक, 10 से ज्यादा राज्यों के लिए अलर्ट, दिल्ली NCR में भी बदला मिजाज

2.8kViews
1733 Shares

उत्तर भारत में ठंड और शीत लहर ने दस्तक दे दी है, वहीं दक्षिण भारत में पूर्वोत्तर मानसून के असर से बारिश जारी है। राजधानी दिल्ली-NCR में स्मॉग और धुंध छाने लगी है, जिससे सुबह और रात का मौसम और ठंडा हो गया है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अगले 4 से 5 दिनों में शीत लहर चलने से ठंड और बढ़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण हवा में नमी बनी रहेगी और घना कोहरा छाने की संभावना है।

दिल्ली-NCR में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक
दिल्ली में स्मॉग और वायु प्रदूषण का स्तर गंभीर हो गया है। राजधानी “रेड जोन” में पहुंच चुकी है और शीत लहर के कारण ठंड भी तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर तक ठंड में और इजाफा होगा। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि लोग सुबह और रात के समय बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़े जरूर पहनें।

तापमान में लगातार गिरावट की संभावना
IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले सप्ताह रात का तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रह सकता है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिणी पंजाब और दक्षिणी हरियाणा में तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री तक नीचे जाने का अनुमान है।

उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भी तापमान 2 से 4 डिग्री तक कम रह सकता है। वहीं, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई गई है। पूर्वी भारत में भी अगले चार दिनों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री तक घट सकता है।

इन राज्यों में शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने 10 नवंबर तक पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा दिल्ली, दक्षिणी हरियाणा, दक्षिणी पंजाब, पश्चिमी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *