मतदान से पहले तेजस्वी का बड़ा दांव, माता और बहनों को देंगे 30-30 हजार रुपए, किसानों को फ्री बिजली

3.4kViews
1537 Shares

बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के पहले चरण के मतदान से दो दिन पहले मुख्यमंत्री पद के लिए महागठबंधन के उम्मीदवार तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मंगलवार को कहा कि अगर महागठबंधन (Mahagathbandhan) की सरकार बनती है, तो ‘माई बहिन योजना’ (Mai Bahan Yojana) के तहत एक वर्ष की पूरी राशि के रूप में 30,000 रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजे जाएंगे।

बहनों के सशक्तीकरण की दिशा में पहला कदम 
पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “सरकार बनने के बाद 14 जनवरी को हमारी सरकार एक साल का पूरा पैसा माता-बहनों के खाते में भेज देगी। यह हमारी बहनों के सशक्तीकरण की दिशा में पहला कदम होगा।” उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मरनिर्भ बनाने के उद्देश्य से शुरू की जाएगी और लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की जटिल प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।

किसानों के बिजली बिल पूरी तरह माफ किए जाएंगे
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव ने यह घोषणा भी की कि किसानों को धान पर प्रति क्विंटल 300 रुपये और गेहूं पर प्रति क्विंटल 400 रुपये एमएसपी बोनस के रूप में दिए जाएंगे। यादव ने कहा कि किसानों के बिजली बिल भी पूरी तरह माफ किए जाएंगे। फिलहाल किसानों को 55 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल चुकाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सभी प्राथमिक कृषि ऋण समितियों और प्राथमिक विपणन सहकारी समितियों के अध्यक्षों को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण स्तर से किसानों की आवाज सीधे सरकार तक पहुंच सके।

यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा, “हमारी सरकार बनी, तो किसान सम्मान के साथ खेती करेंगे, कर्ज और बिजली बिल के बोझ से मुक्त होंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *