‘लाडो लक्ष्मी योजना निकली लाडो छलावा योजना’, AAP राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने उठाए सवाल

2.6kViews
1137 Shares

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने शनिवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में बड़े मंच और कैमरों के बीच दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त तो जारी कर दी, लेकिन यह महिलाओं के साथ सबसे बड़ा चुनावी धोखा है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने हरियाणा की हर महिला को ₹2100 महीना देने का वादा किया था, लेकिन अब जब योजना शुरू हुई है, तो हकीकत यह है कि 1.4 करोड़ महिलाओं में से सिर्फ 3.73 प्रतिशत के खाते में पैसा आया है। यानी 96.27 प्रतिशत महिलाएं ठगी गईं। भाजपा ने “हर महिला” का वादा किया था, लेकिन अब बीजेपी सरकार जानबूझकर “हर शर्त” थोप रही है।

ढांडा ने कहा कि सरकार ने ऐसी-ऐसी शर्तें लगा दी हैं कि ज्यादातर महिलाएं अपने आप बाहर हो गईं। परिवार की सालाना आय 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए, उम्र 23 साल से ज्यादा होनी चाहिए, और अगर किसी महिला के पति हरियाणा के बाहर के हैं या घर में कोई पहले से पेंशन ले रहा है, तो वो भी योजना से बाहर। गरीब घर की लड़कियां, कॉलेज जाने वाली युवतियां, नई बहुएं और विधवा महिलाएं सब इससे बाहर कर दी गईं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंच से फोटो खिंचवाकर दिखाया कि सरकार महिलाओं को सशक्त कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि यह योजना नहीं, महिलाओं के साथ मज़ाक है। भाजपा ने महिलाओं को अधिकार नहीं, अपमान दिया है। ये “लाडो लक्ष्मी” नहीं, बल्कि “लुटो लक्ष्मी योजना” है, जिसमें वादा करोड़ों का था, लेकिन फायदा कुछ हज़ार लोगों को दिया गया।

ढांडा ने कहा कि भाजपा को महिलाओं की तकलीफ नहीं दिखती, उसे सिर्फ़ अपने प्रचार की चिंता है। सीएम के पास प्रचार-प्रसार का समय है, लेकिन आम महिलाओं के लिए न नीयत है, न नीति और न ही इच्छा। उन्होंने कहा, “महिलाएं अब भाजपा के झूठे वादों में नहीं फंसेंगी। उन्होंने सब देख लिया- मंच, भाषण और झूठ का खेल।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि हरियाणा की महिलाओं ने भाजपा पर भरोसा किया था, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ़ छल, धोखा और अपमान मिला। जनता अब यह सब समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका करारा जवाब देगी। अनुराग ढांडा ने कहा, “भाजपा को अब ₹2100 का नहीं, बल्कि महिलाओं के हर वोट का हिसाब देना पड़ेगा। हरियाणा की बेटियां अब खामोश नहीं रहेंगी, वो अपना हक़ लेकर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *