केंद्र सरकार ने संसद के मानसून सत्र के दौरान जानकारी साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2020 से 2024 के बीच कनाडा में कुल 1,203 भारतीय नागरिकों की मृत्यु हुई है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर के माध्यम से यह आंकड़े पेश किए।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इन मौतों में अधिकांश प्राकृतिक कारणों जैसे वृद्धावस्था और चिकित्सकीय बीमारियों के कारण हुईं। हालांकि, कुछ मामलों में अप्राकृतिक मौतें भी दर्ज की गईं जिनमें दुर्घटना, आत्महत्या, हिंसा और हत्या जैसे कारण शामिल हैं।
किस साल कितनी मौतें?
2020: 120 मौतें
2021: 160 मौतें
2022: 198 मौतें
2023: 336 मौतें
2024 (अब तक): 389 मौतें
757 शवों की स्वदेश वापसी
कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने इस अवधि में 757 भारतीय नागरिकों के शव या अस्थियां कनाडा से भारत वापस लाने में सहायता प्रदान की। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार विदेशों में मृत भारतीयों के पार्थिव शरीर की स्वदेश वापसी को प्राथमिकता देती है। मंत्री ने आगे बताया कि विदेश मंत्रालय ने सभी भारतीय मिशनों और वाणिज्य दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएं (SOPs) तैयार की हैं। इन प्रक्रियाओं के तहत आपात स्थिति में सहायता, मृतक के अंतिम संस्कार या शव को भारत लाने की व्यवस्था और बीमा और मुआवजा दावों का निपटान जैसी सेवाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि वह विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर सहायता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।