जयपुर के फुलेरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है जहां एक आरएसी (RAC) जवान ने कथित तौर पर अपने जीजा एक लेबर इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना सोमवार देर रात की है जिसने पूरे पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
क्या हुआ था?
जानकारी के अनुसार लेबर इंस्पेक्टर अपने कार्यालय से देर रात करीब 10:30 बजे घर लौट रहे थे। तभी बगरू के रहने वाले आरएसी जवान ने अपनी सर्विस राइफल से उन पर गोली चला दी जो सीधे उनके सीने में जा लगी। गोली लगने के बाद इंस्पेक्टर को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने किया सरेंडर
इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जवान ने खुद ही फुलेरा थाने में जाकर सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच घरेलू विवाद को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के सही कारणों का खुलासा नहीं किया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।