2.6kViews
1019
Shares
हापुड़
यूपी के हापुड़ में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात हत्यारोपितों ने 28 वर्षीय महिला की हत्या कर उसके शव को सूटकेस में बंद कर दिया। जिसके बाद सूटकेस को रजवाहे में बहा दिया।
वहीं, शुक्रवार सुबह थाना पिलखुवा क्षेत्र के गांव से सिखेड़ा के पास रजवाहे से महिला का शव बरामद होने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक की टीम ने शव कब्जे में लेकर छानबीन की। महिला के सिर व शरीर पर चोट के कई निशान हैं। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पिलखुवा क्षेत्र के गांव सिखेड़ा के कुछ ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह रजवाहे में एक सूटकेस पानी में तैरता देखा। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना के बाद एएसपी विनीत भटनागर, सीओ पिलखुवा अनिता चौहान व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सूटकेस को राजवाहे से बाहर निकाला। सूटकेस खोलने पर उसमें 28 वर्षीय महिला का शव मिला।
पुलिस के अनुसार, महिला के शरीर के विभिन्न अंगों पर चोट के गंभीर निशान थे। शव मिलने की सूचना आग की तरह क्षेत्र में फैल गई। जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
अंदेशा है कि धारदार हथियार से वार कर महिला की हत्या की गई है। जिसके बाद शव को सूटकेस में बंद कर रजवाहे में बहा दिया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में उसकी फोटो भेज दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना स्थल की छानबीन कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। महिला की शिनाख्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।