1394
Shares
मेरठ
खेत में दवाई डालने के दौरान युवक खेत में बेहोश हो गया। स्वजन युवक को अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से स्वजन का रो-रोकर बुराहाल है। युवक की शादी 27 नवंबर को होने वाली थी। युवक बीटेक की पढ़ाई करने के बाद खेती कर रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के गांव कोल निवासी पुनीत त्यागी का 23 वर्षीय इकलौता बेटा हिमांशु त्यागी अपने नौकर के साथ गन्ने के खेत में दवाई डालने गया था। वह सोमवार सुबह यूरिया खाद में कीटनाशक दवाई मिलाकर डालने लगा। वही, नौकर पास के खेत में खरपतवार की सफाई करने लगा।
कुछ देर बाद नौकर हिमांशु त्यागी के पास पहुंचा तो उसने देखा कि हिमांशु बेहोश पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। उसने इसकी सूचना पास में काम कर रहे किसान दीपक त्यागी को दी। दीपक ने आसपास के लोगों को बुलाकर उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वजन बिना पुलिस कार्रवाई कि युवक के शव को गांव ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। युवक बीटेक की पढ़ाई करने के बाद अपने पिता के साथ खेती करने लगा था। युवक का रिश्ता हापुड़ जनपद के गांव सोडा से एक लड़की से तय हो गया था। 27 नवंबर को उसकी शादी तय थी।
परिवार के लोग खुशी मन से उसकी शादी की तैयारी में लगे थे। हिमांशु परिवार में इकलौता चिराग था। उसकी की मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया है। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना के बाद से खुशी का माहौल गम में तब्दील हो गया।