2.6kViews
1249
Shares
गोरखपुर
बलिया के भाजपा नेता बब्बन सिंह के इंटरनेट मीडिया पर प्रकाशित वीडियो पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तंज कसा। कहा कि, भाजपा का चरित्र ही ऐसा है। बब्बन सिंह अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। गोरखपुर से दिल्ली तक भाजपा में ऐसे लोग भरे पड़े हैं। कर्नल सोफिया पर टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश के मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की। हालांकि विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव की टिप्पणी के बारे में पूछने पर अजय राय ने सधा जवाब दिया। कहा कि, सेना का सभी को सम्मान करना चाहिए।
पूर्व मंत्री पं. हरिशंकर तिवारी की पुण्यतिथि पर बड़हलगंज जाने से पहले सर्किट में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पत्रकारों से बात कर रहे थे। कहा कि पं. हरिशंकर तिवारी की दूसरी पुण्यतिथि में शामिल होने आया हूं। सरकार लगातार इस परिवार का उत्पीड़न कर रही है। विनय शंकर तिवारी के पीछे पड़े हैं। कांग्रेस तिवारी परिवार के साथ खड़ी है।
कहा कि भाजपा के मंत्री ने सेना का अपमान किया लेकिन सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रधानमंत्री को खुद मंत्री को बर्खास्त कर देना चाहिए। भारत-पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष की पूरी जानकारी संसद का विशेष सत्र बुलाकर देनी चाहिए लेकिन सरकार ऐसा नहीं कर रही है।
इससे पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी, महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद, निर्मला पासवान, आलोक शुक्ल, राकेश यादव, दयानंद सिंह दुसाध, गोरखलाल श्रीवास्तव, मनोज यादव, अमित त्रिपाठी, प्रमोद नायक, शहला अहरारी, नवीन सिन्हा आदि ने स्वागत किया। प्रदेश सचिव दिलीप निषाद से मिलने प्रदेश अध्यक्ष अस्पताल भी पहुंचे। बड़हलगंज जाते समय जगह-जगह देवेंद्र राय, जय नारायण शुक्ल, कालंजय तिवारी, हफीजुर्रहमान अजमल, एसपी सिंह सैंथवार, रामहरि राय मधुकर, संजय सिंह, प्रभाकर राय, अवधेश मणि त्रिपाठी, श्रवण यादव, विक्रमादित्य प्रसाद आदि ने अजय राय का स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर वाहन को लेकर हुई खींचतान
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को रिसीव करने के लिए कांग्रेसियों ने दो वाहनों का पास बनवाया था। इन वाहनों के पहुंचने के बाद वाराणसी से अजय राय की गाड़ी आ गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने पास वाले दोनों वाहनों को बाहर करा दिया। इसे लेकर खींचतान भी हुई।