2.0kViews
1574
Shares
हरदोई। एक तरफा प्यार में प्रेमी ने शादी से दो दिन पहले प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह घर से खींचकर वारदात को अंजाम दिया। एएसपी पूर्वी नृपेंद्र ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मल्लावां के ग्राम जरेरा की संगीता की शादी बिलग्राम के ग्राम अजमतनगर टटिया के मायाप्रकाश के साथ तय हुई थी। शादी से पहले की सारी रस्में हो चुकीं थीं। 15 मई को बरात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां हो चुकीं थी। दहेज की सामग्री की खरीदारी आदि हो चुका था।
मंगलवार की सुबह करीब चार बजे संगीता मां के साथ छत पर सो रही थी। उसी समय कन्नौज के बद्दापुरवा का प्रेमचंद्र उर्फ कल्लू अपने दो साथियों के साथ छत पर पहुंच गया। संगीता को चारपाई से खींचने लगा। शोर मचाने पर जागी मां ने विरोध किया तो एक साथी ने उसे पकड़ लिया।
इसी बीच प्रेमचंद्र ने संगीता की गोली मारकर हत्या कर दी। दरवाजे के बाहर खड़े सीएनजी आटो में सवार होकर फरार हो गए। घटना से गांव में सनसनी फैल गई।
परिवारीजन का कहना है कि प्रेमचंद्र करीब दो वर्ष से संगीता को परेशान कर रहा था। इससे पहले सांडी क्षेत्र में शादी तय हुई थी। प्रेमचंद्र ने लड़के के घर पहुंचकर रिश्ता तोड़वा दिया था। दोबारा शादी तय होने से नाराज होकर वारदात को अंजाम दिया।
एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने को नमूने लिए। एएसपी ने बताया कि टीमें गठित कर जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।