मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 110 के समीप आगरा-नोएडा मार्ग पर सोमवार रात दो बजे रोडवेज पिंक बस को निजी स्लीपर बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक की मृत्यु हो गई।
24 से अधिक सवारियां घायल हो गई हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पांच घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
लखनऊ से दिल्ली जा ही थी बस
उत्तर प्रदेश परिवार निगम की पिंक बस लखनऊ से दिल्ली सवारियां लेकर जा रही थी। राया थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 110 के समीप आगरा नोएडा मार्ग पर सवारियां उतारने के लिए चालक ने बस को धीमा किया। इसी दौरान आगरा के बाह से दिल्ली जा रही निजी स्लीपर बस ने रोडवेज बस को टक्कर मार दी और स्लीपर बस रेलिंग तोड़ते हुए सड़क के नीचे जा गिरी।
हादसे में एक की मृत्यु हो गई है, जबकि 24 से अधिक सवारियां घायल हो गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाकर क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त बसों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
हादसे में एक लोगों की मौत हो गई
राया थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि अस्पताल में उपचार के दौरान अंकित की मृत्यु हो गई है। जबकि टूंडला की खुशबू, आगरा बाह के मनोज कुमारी, राम लखन, नफीज, मनोज कुमार, प्रतिमा, गाजियाबाद की पारुल, दिल्ली की नूर फातिमा, इक्खतार अहमद, विजय, राजेंद्र, मेरठ के आसिफ खान, धौलपुर की मीरा, मध्य प्रदेश भिंड के नूरजहां, राम सिया राठौर, दिव्यांशु, राजेश सिंह और धनीराम घायल हो गए हैं।