शाजापुर | शाजापुर जिले में शनिवार को एक लॉ कॉलेज की छात्रा ने कॉलेज में ही पदस्थ कम्प्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ छेड़खानी का मामला दर्ज करवाया है। मामला 28 दिसंबर 2023 को कोतवाली थाना क्षेत्र का है। रविवार दोपहर पुलिस ने आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर को पकड़ लिया है। जिसे न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से आरोपी जेल भेज दिया गया है।
पीड़ित छात्रा (26) ने पुलिस को बताया कि आरोपी कम्प्यूटर ऑपरेटर दीनदयाल देशवाल से उसकी जान-पहचान 2019 से थी। दोनों के बीच सामान्य दोस्ती थी। 28 दिसंबर 2023 को दोपहर करीब 2 बजे आरोपी छात्रा के घर पहुंचा। उसने कहा कि उसकी मां बुला रही हैं।
छात्रा आरोपी के साथ लोदिंया रोड स्थित उसके घर चली गई। वहां पहुंचने पर घर में कोई नहीं था। आरोपी ने घर का गेट अंदर से बंद कर दिया। उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की और रेप का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर उसने मारपीट भी की। पीड़िता किसी तरह धक्का देकर वहां से भाग निकली।
घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को फोन कर धमकी दी। उसने कहा कि अगर किसी को बताया तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। डर के कारण छात्रा ने उस समय किसी को नहीं बताया। इसके बाद आरोपी उसका पीछा करने लगा। वह छात्रा के घर के सामने घंटों बैठा रहता और कॉलेज तक उसका पीछा करता। इससे परेशान होकर पीड़िता बीते शनिवार को घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले में पुलिस केस दर्ज आगे की कार्रवाई में जुट गई है।