अशोकनगर|
अशोकनगर में शनिवार दोपहर मौसम अचानक बदल गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे आसमान में काले बादल छा गए। इसके साथ तेज आंधी शुरू हो गई। जिले के कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक-दो दिनों तक जिले में आंधी और बारिश की संभावना है।
अचानक बदले मौसम ने दी गर्मी से राहत
सुबह से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को दोपहर में अचानक राहत मिल गई। जिले में दोपहर को तेज आंधी तूफान के साथ बारिश हुई। आंधी करीब 20 मिनट तक चली। इस दौरान चारों तरफ धूल का गुबार फैल गया। इसके बाद गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। बारिश करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर होती रही।
ओलावृष्टि से नुकसान
जिले के नईसराय सहित कई इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। तेज आंधी से कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ गए। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम में इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं ओलावृष्टि और तेज हवाओं से नुकसान की खबरें भी आई हैं।