दतिया|
दतिया में शनिवार दोपहर को मौसम अचानक बदला। दोपहर एक बजे के बाद तेज आंधी के साथ देहात क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। धूल भरी आंधी के कारण शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
मौसम में अचानक हुआ बदलाव
बता दें कि, जिले में सुबह तक मौसम सामान्य और धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए। करीब 14 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने लगीं। धूल भरी हवाओं के कारण लोग घरों में कैद हो गए। बिजली कंपनी ने सुरक्षा की दृष्टि से सप्लाई अस्थायी रूप से बंद कर दी।
तापमान में गिरावट की संभावना
वर्तमान में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम तक इसमें गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इसलिए बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मौसम में यह बदलाव पूर्वोत्तर राजस्थान में सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण के कारण है, जो उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है। साथ ही पंजाब से केरल तक एक टर्फ रेखा हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, विदर्भ और कर्नाटक होते हुए गुजर रही है। पूर्व-पश्चिम टर्फ का प्रभाव बंगाल और बांग्लादेश तक है। इन सभी सिस्टम के प्रभाव से आगामी चार दिनों तक पूरे क्षेत्र में हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा।