काउप गांव से आई थी बरात
इस घटना को पूर्व की रंजिश और प्रतिशोध से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार लहरपा गांव निवासी कमलेश कुशवाहा के घर रविवार की रात काउप गांव से बरात आई थी।
घटना के समय रात में बरात दरवाजे पर पहुंचने वाली थी। इस दौरान अधिक भीड़ थी और रास्ते पर जाम लगा था। कई लोग निमंत्रण में भी आए थे।
इसी दौरान थार गाड़ी पर सवार लोगों से भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते बात गोलीबारी तक पहुंच गई। ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू होने से अफरातफरी मच गई।
गोली लगने से दो लोगों की मौत
गोली लगने से लवकुश कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि, चार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष रणवीर कुमार समेत अन्य पदाधिकारी वहां पहुंच गए। पूर्व में भाजपा नेता सह पूर्व मुखिया पुत्र बबलू सिंह को आरा में गोली मारी गई थी। जिसमें गिरफ्तारी भी हुई थी। इसे लेकर भी दोनों गुटों में रंजिश चली आ रही थी। सड़क जाम लगना बहाना बन गया।
गिरफ्तारी और मुआवजा की मांग को लेकर आरा-अरवल मार्ग जाम
लहरपा गांव में हत्या की घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने सोमवार की सुबह अगिआंव मोड़ के समीप शव के साथ आरा-अरवल मार्ग और गड़हनी -अगिआंव पथ को जाम कर दिया। आक्रोशित लोग मुआवजा और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मौके पर पहुंचे पदाधिकारी समझाने -बुझाने में लगे हैं। सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
पिता और पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ
वारदात के बाद देर रात भोजपुर एसपी राज ने घटनास्थल पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। जिस थार कार पर हमले की बात सामने आ रही है, उसकी भी जांच की। इसे लेकर नामजद प्राथमिकी कराई गई है। पुलिस लहरापा गांव के पिता और पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।